Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जालंधर5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
पुलिस ने FIR दर्ज करने के बाद उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रतीकात्मक फोटो
- शिकायत हुई तो जांच के बाद पुलिस ने दर्ज FIR
मुंबई के रहने वाले ठग के साथ मिलकर लुधियाना के रहने वाले जीजा ने अपने स्टूडेंट साले को ही ठग लिया। उसे वर्क परमिट पर कनाडा भेजने का झांसा देकर 3 लाख लिए गए लेकिन बाद में उसे नहीं भेजा। स्टूडेंट ने रुपए वापस मांगे तो 50 हजार देकर बाकी के 2.50 लाख वो डकार गया। पुलिस ने अब थाना लांबड़ा में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिश्तेदारी की वजह से घर आता-जाता था आरोपी जीजा, 14 लाख में हुई थी डील
गांव सफीपुर के रहने वाले अभिलाष ने बताया कि वह 12वीं क्लास में पढ़ रहा था। लुधियाना जिले के हलवारा का रहने वाला हनी उसके मामा का दामाद है। रिश्तेदारी होने की वजह से वो अक्सर घर आता-जाता रहता था। साल 2018 में उसने घरवालों से बात की कि अभिलाष को वर्क परमिट पर कनाडा भेज देगा। उसने भरोसा दिलाया कि पहले भी कई लोगों को भेज चुका। परिवार के लोग राजी हो गए और 14 लाख में डील फिक्स हो गई। हनी ने पैसे मांगे तो उसके खाते में 50 हजार ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद वो उसका पासपोर्ट व कुछ और दस्तावेज लेकर चला गया। 15 दिन बाद उसने 2.50 लाख रुपए और मांगे। कुछ पैसे उसके खाते में ट्रांसफर किए गए और बाकी वो कैश ले गया।
आरोपी का लौटाया एक लाख का चेक हुआ बाउंस
रुपए लेने के बाद जीजा हनी कनाडा भेजने के नाम पर टाल-मटोल करता रहा। दबाव डालने पर उसने उन्हें एक लाख का चेक दे दिया लेकिन बैंक में लगाने पर वो बाउंस हो गया। जोर देने पर उसने उन्हें 50 हजार ट्रांसफर कर दिए और 2.50 लाख रुपए की ठगी कर ली।
पुलिस जांच में हुआ खुलासा, मुंबई का ठग भी शामिल
SSP के आदेश पर आर्थिक अपराध शाखा को इसकी जांच सौंपी गई। स्टूडेंट ने सिर्फ अपने जीजा हनी पर आरोप लगाए थे लेकिन पुलिस की जांच में पता चला कि अभिलाष को कनाडा भेजने के नाम पर ठगने वाले हनी के साथ अनिल कुमार वर्मा निवासी 403, कृष्णा BSNL कांप्लेक्स वायरलेस कंपाउंड, जेबी नगर अंधेरी ईस्ट, मुंबई भी शामिल है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ ठगी व पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट की धारा 13 के तहत दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।